ताजा-तरीन:


विजेट आपके ब्लॉग पर

शुक्रवार, 13 नवंबर 2026

नींद पुराण

राजस्थानी कविताएं
मूल कवि- मदन गोपाल लढ़ा
हिंदी अनुवाद- डाॅ. प्रमोद कुमार चमोली

नींद पुराण

(एक)
आँख लगने के बाद

कहने की कोशिश तो करता हूँ
मगर जानता नहीं ठीक-ठीक।

आते हुए तो फिर भी
पता लगता है थोड़ा-बहुत
जब घुलने लगती आँखें
या आने लगती है
जम्हाइयां पर जम्हाइयां।

आँख लगने के बाद
क्या और कैसे घटता है
कौन जाने!

पूरी होने के बाद
अपने आप खुलती है आँखें
या किसी के जगाने से
जागता हूँ जब
लगता है ऐसे
जैसे लौटा हूँ
किसी दूसरे लोक से ।


(दो)
नींद और सपना़

नींद में सपने आते हैं
पर सपनों में नींद नहीं आती।

तकदीर की बात है!
किसी-किसी के लिए
नींद खुद बन जाती है
एक सपना!

(तीन)
यदि कोई ले सकता है तो

ज्ञानी-ध्यानी कहते हैं-
व्यर्थ है सब
कुछ नहीं जाएगा साथ
यहीं रह जाएगा
सारा तामझाम
जिसको कमाने के लिए
खपते हैं हम
सारी जिन्दगी
फगत राम का नाम
जाएगा साथ
यदि कोई ले सकता है तो!

मन में सोचता हूं
नींद भी जाएगी साथ
यदि कोई ले सकता है तो!

(चार)
मेरी नींद

मेरी नींद इतनी सरल है
कि कमर सीधी करते ही
शुरु हो जाते है खर्राटे
सोने के बाद
मोठ भीगे चाहे तारामीरा
अपना राम तो
नींद पूरी होने पर ही जगता है।

वैसे नींद पूरी होने की बात
पूरी सच नहीं है
जागने के बाद
फिर से लग जाती है लगन
काम निपटा कर
नींद लेने की।

(पांच)
कितने दुश्मन

सभी कहते हैं
सोता है वह खोता है!

किताबें चेताती है
नींदों में मत रहना!

रातों में आवाज गूंजती है
जागते रहो!

बेचारी नींद के
कितने-कितने दुश्मन है!

(छह)
उड़ने के बाद

नींद का मोल वही बता सकता है
जो सारी-सारी रात
पटकता रहता है हाथ-पैर
बदलता रहता है करवटें
मगर मज़ाल है कि
आँख लग जाए।

ऐसे लोग
बेंजोडायजेपाइन की गोली लेकर
मुश्किल से मींचते हैं आँखें
दो-चार घंटे।

इतनी सीधी चिड़िया भी नहीं है नींद
जिसको पकड़ सके कोई भी
उड़ने के बाद
आसानी से।

(सात)
अंधेरे में

गली के नुक्कड़ पर लगे
खंभे पर जलते बल्ब से
विघ्न पड़ता है नींद में
खिड़की-दरवाजे बंद करने से भी
नहीं चलता काम
मुँह पर डालनी ही पड़ती है
चद्दर जैसा कुछ
भले ही दुनिया
गाती रहे रोशनी के गीत
नींद की महारानी तो
अंधेरे में ही मुस्कराती है।

 
(आठ)
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है

बचपने में आते हैं
नींद के ठाठ
जब मन चाहे
ले सकते हैं नींद
सोते-सोते
मुस्कराते भी हैं।

जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है
नींद घटती है।

अंत में
न नींद बस में रहती है
न ही मुस्कराना।

(नौ)
नींद से नींद तक

गर्भ से बाहर आकर
आँखें खोलना
सिर्फ जन्म नहीं है
नींद से जागना भी है।

मृत्यु का मतलब
सदा के लिए सोना नहीं तो
फिर क्या है दूसरा?

नींद से नींद तक
पूरी जीवन-यात्रा!

(दस)
एक नींद में

आप सोने के बाद जगते हैं तब तक
कुछ का कुछ हो सकता है।

एक नींद में
सिंहासन बदल जाते है
बाजार का भैंसा
पहुँच जाता है आसमान के षिखर पर
लुट जाती है लंका।

बेवक्त सोने पर
टोकते थे बडेरे
एक नींद में
अस्त हो जाता है दिन।

नींद के पक्ष में
सबसे अच्छी बात है यह कि
एक नींद में
सूरज भी उग जाता है।

(ग्यारह)
नींद में कविता

मैंने नींद में रची हैं-
कितनी सारी कविताएँ
यह बात अलग है कि
जगने के बाद
उनकी एक पंक्ति भी
याद नहीं रही।

सिरहाने रख कर सोता हूँ
कागज-कलम
कदाचित किसी दिन
नींद में सोची हुई बात
अक्षरों में उतर जाए।

(बारह)
माँ की नींद

माँ की नींद
बहुत कच्ची पड़ गई है
इन दिनों
कभी भी बात कर लो
जगी हुई मिलती है।

कोई बत्ती जला ले
दरवाजा खोल ले
या आ जाए किसी को खांसी
हल्की-सी आहट से
उठ बैठती है
पूछती है-
‘‘कितने बज गए रे भाया!’’

माँ के रहते हुए
मेरी नींद को कोई डर नहीं है
मगर माँ की नींद तो
जीसा के साथ ही चली गई।


(तेरह)
पूर्व जन्मों के पुण्य

भाग्य में लिखा होता है
किस्मत में लिखा मिलता है
फिर भी
मन कहता है कि
पूर्व जन्मों के पुण्य
नींद के रूप में फलते हैं।

(चौदह)
नींद का जन्तर

‘‘जिस दिन आप नहीं रहते हो घर पर
उस दिन उनींदी रहती हूँ रात भर
आँख नहीं लगती है घड़ी भर।’’

पत्नी की इस बात पर
मुस्कराता हूं मैं
‘‘बावरी बातें मत किया कर
अपने घर में भला किसका डर?’’
मन ही मन सोचता हूंँ
यदि मेरे पास ही होता
नींद का कोई जन्तर
तो घर से बाहर जाने के बाद
क्यों जागता
रात भर।

(पंद्रह)
बेफिक्री की नींद

जप-तप तो
बूते की बात नहीं है
फिर भी भाग्य से
उम्र के किसी भी पल में
यदि भगवान मिल गए तो
वरदान रूप में माँगूंगा
बेफिक्री की नींद।

(सोलह)
पाप-पुण्य

पाप है-
चैकीदार की नींद
चारों तरफ दुत्कारी जाती है
गालियाँ पाती है
नौकरी तक
पहुँच जाती है बात।

पुण्य है-
मालिक की नींद
खुशियाँ मनाई जाती है
बधाइयाँ बंटती है
उमंगित हो जाता है
सबका मन।

कमाल है!

(सतरह)
पिता की नींद

पूरे दिन की भागदौड़ से
थक कर घर आए
पिता की नींद में
नहीं पड़ जाए विघ्न
बेटी होले-होले रखती है आँगन में पग
हल्के हाथों से मांजती है बर्तन
धीरे से खोलती है खिड़की-दरवाजे
भाई को समझाती है
धीमें-धीमें बोलने के लिए।

पता नहीं
किसने और क्यों कह दी
यह बात-
बेटी जन्मने के साथ
उड़ जाती है
पिता की नींद।

(अठारह)
अगले जन्म में

पगरखी से पाटला तक
गुड़ से परिधान तक
क्या-क्या बांटा जाता है
सक्रांति के दिन तेरूंडे में
इस आशा में
कदाचित अगले जन्म में मिलेंगे वापस
सुख के ये साधन।

भूल-चूक से भी
जगाता नहीं हूँ किसी को
कच्ची नींद से
कदाचित अगले जन्म में
मिलेगी बहुत सारी
बेफिक्री की नींद।

मूल कवि: डाॅ. मदन गोपाल लढ़ा

सीमावर्ती बीकानेर जिले के महाजन कस्बे में जन्म। कविता, कहानी व आलोचना विधा में सक्रिय। अनुवाद में गहरी रुचि। बाल साहित्य सृजन भी प्रिय काम। राजस्थानी और हिंदी में कई किताबें प्रकाशित । साहित्य अकादेमी अनुवाद पुरस्कार से सम्मानित।
सम्पर्क: गीत गोविंद, 342 ईस्ट ब्लाॅक, वृंदावन एन्कलेव, बीकानेर, पिन 334022, राजस्थान
मो. 9982502969


अनुवादक: डाॅ. प्रमोद कुमार चमोली

व्यंग्य, कहानी और बाल साहित्य में रचनात्मक लेखन। रंगकर्मी के रूप में पहचान। अनुवाद में भी गहरी रुचि। विभिन्न विधाओं में पांच किताबें प्रकाशित । शिक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के लिए पाठ्यपुस्तकों का समूह सदस्य के रूप में लेखन। राजस्थान साहित्य अकादमी से सम्मानित।

कोई टिप्पणी नहीं: